Ticker

6/recent/ticker-posts

सालों बाद मिले 1998 बैच के सहपाठी, यादों से भर उठा मिलन समारोह



धमतरी। समय भले ही आगे बढ़ गया हो, लेकिन स्कूल के दिनों की यादें आज भी हर किसी के दिल में ताजा हैं। इसी भावनात्मक एहसास को जीवंत करते हुए बुधवार, पांच अगस्त को आयोजितशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पलारी के वर्ष 1998 बैच के पूर्व विद्यार्थियों का स्नेह मिलन समारोह रायपुर के एक होटल में आयोजित किया गया। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलने का अवसर मिला तो सहपाठियों की खुशी देखते ही बन रही थी। कई साथी लंबे समय बाद आमने-सामने हुए और एक-दूसरे को देखकर भावुक हो उठे। मिलन समारोह में बचपन की शरारतों, कक्षा की यादों, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्कूल में बिताए गए सुनहरे पलों को याद करते हुए सभी ने पुरानी स्मृतियों को फिर से जीया। शिक्षकों की डांट-फटकार, अनुशासन, स्नेह और उनके द्वारा दिए गए जीवन मूल्यों को भी सभी ने बड़े सम्मान के साथ याद किया। उपस्थित साथियों ने कहा कि विद्यालय ने उन्हें केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास और संस्कार भी दिए, जिसकी बदौलत आज वे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में सभी सहपाठी अलग-अलग विभागों, व्यवसायों और सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत हैं, लेकिन वर्षों बाद हुए इस मिलन ने सभी को फिर से छात्र जीवन की उसी आत्मीयता से जोड़ दिया। कार्यक्रम के दौरान पुरानी तस्वीरें देखी गईं, यादगार किस्से साझा किए गए और भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे स्नेह मिलन आयोजित करने का संकल्प लिया गया।

 इस कार्यक्रम में खेमू वर्मा, देव कुमार देवांगन, ताजेंद्र कनौजे, सत्यप्रकाश साहू, अजय कुमार वर्मा, गोविंद कुमार वर्मा, ललित वर्मा, दिनेश सरशीहा, महेंद्र यादव, ओमप्रकाश साहू, रोशन लाल सिन्हा, नीलेश्वर वर्मा, अनुराधा खूंटे, भूमिका वर्मा और सीमा यादव सहित अन्य सहपाठी उपस्थित रहे। समारोह ने यह साबित कर दिया कि समय और दूरियां बदल सकती हैं, लेकिन दोस्ती और स्कूल की यादों का रिश्ता हमेशा अमिट रहता है।

Post a Comment

0 Comments