धमतरी- ज़िले के थाना अर्जुनी पुलिस ने महंगी रेसिंग बाइक में गांजा तस्करी करने वाले एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही के लिए थाना अर्जुनी बधाई की पात्र है। क्योंकि गांजा तस्कर उड़ीसा राज्य से जिले के 5 थानों को पार कर छठवें थाने में आकर पकड़े गए। जबकि सभी थानों की पुलिस को ये पता है कि गांजा तस्करी का ये मुख्य मार्ग है, इसी मार्ग से बड़ी मात्रा में गांजा प्रदेश के अन्य जिलों समेत अन्य राज्यों तक पहुंचता है। इस स्थिति में अंदाजा लगाया जा सकता है कि ज़िले की पुलिस गांजा तस्करी को लेकर कितनी मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का पालन कर रही है?
सूत्र बताते है कि ऐसा कोई एक दिन नहीं बीतता जब इस मार्ग से गांजा अन्य जिलों को न जाए, और यदि पिछले रिकॉर्ड देखें तो स्थित और स्पष्ट हो सकती है। पहले और अब की कार्यवाहियों में एक बड़ा अंतर साफ नज़र आ जाएगा। बहरहाल थाना अर्जुनी पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से ₹125380. क़ीमत का 12.538 किग्रा गांजा, 4 नग मोबाइल फ़ोन क़ीमत ₹33500., 1 बजाज की रेसिंग बाइक क़ीमत ₹285000. कुल माल ₹443880. जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 20 (बी) NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
आरोपियों के नाम...
(01) तिलेश सिंह ठाकुर, पिता संतोष सिंह, उम्र 27 वर्ष निवासी- वार्ड क्र. 03, गोपीबंद, पंडरिया, थाना पंडरिया, जिला कोरबा (छ.ग.)
(02) तरूणा सिंह राजपूत, पिता शांतिलाल, उम्र 26 वर्ष
निवासी- सुभाष ब्लॉक, एसईसीएल कॉलोनी, थाना कोतवाली, जिला कोरबा (छ.ग.)।
यहां गौर करने वाली बात ये है कि पहले गांजा की तस्करी माल वाहकों के माध्यम से की जाती थी, फिर समय के साथ तस्करी का तरीका बदला और माल वाहकों की जगह कारों ने ले लीं, फिर लक्जरी कारों से तस्करी होने लगी, और अब महंगी रेसिंग बाइक में युवक युवती के द्वारा गांजा तस्करी को अंजाम दिया जाने लगा है, ताकि कोई शक न करे। हालांकि ऐसे नए नए हथकंडे अक्सर काम भी कर जाते हैं, लेकिन हमेशा नहीं।




0 Comments