धमतरी। रेत के अवैध खनन व परिवहन की वजह से ग्राम कोलियारी के रेत माफिया व ग्राम अछोटा के युवकों के बीच मारपीट हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम अछोटा और कोलियारी की सीमा से बहने वाली महानदी से रेत का अवैध खनन व परिवहन को लेकर कोलियारी के रेत माफियाओं ने ग्राम अछोटा के एक युवक से जमकर मारपीट की है। जिसकी वजह है रेत खदान की सीमा।
सूत्र ने बताया कि ग्राम कोलियारी के रेत माफिया जो रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर रेत महानदी से चुराकर शहर व आसपास के गांवों में बेचते हैं, जो रेत निकालते निकालते ग्राम अछोटा की सीमा के अंदर पहुंच गए, जिस पर रोक लगाने एक युवक अछोटा से कोलियारी आकर खनन कर्ताओं को मना कर रहा था, तभी विवाद हो गया, और कोलियारी के रेत माफियाओं ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। जिसकी जानकारी पर ग्राम अछोटा से और भी युवक मौके पर पहुंचे और मामला काफी गंभीर हो गया, तभी किसी ने थाना अर्जुनी को सूचना दी, अभी मौके पर पुलिस पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।
इस तरह के मामले प्रशासनिक उदासीनता को जाहिर करते हैं, और इस उदासीनता के चलते आसपास के लोग आपस में लड़ रहे है। जबकि कोलियारी और अछोटा दोनों जगह कोई वैध रेत खदान नहीं है। इसी तरह ग्राम अमेठी, कलारतराई, परसुली, दर्री में भी रेत के अवैध खनन का कारोबार जारी है, इन जगहों में भी स्थित कभी भी बिगड़ सकती है, लेकिन प्रशासन को इन रेत माफियाओं को संरक्षण देने से फुर्सत नहीं है।



0 Comments